मुंबई (25 अक्टूबर 24)। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। जिसके लिए राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, लेकिन इस चुनाव से पहले एनसीपी अजित पवार गुट को बड़ा झटका लग गया है। गुरुवार को एनसीपी मुंबई अध्यक्ष समीर भुजबल ने इस्तीफा दे दिया। कुछ समय पहले ही अजित पवार ने प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे से समीर भुजबल का इस्तीफा मांगने के लिए कहा था। आखिरकार गुरुवार को समीर भुजबल ने इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने अपने इस्तीफे के साथ भेजे गए पत्र में यह भी बताया है कि वह नंदगांव से चुनाव लड़ने जा रहे हैं।
दरअसल, समीर भुजबल नंदगांव विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के इच्छुक थे और वह पार्टी से टिकट की मांग रह थे। एनसीपी के कार्यकर्ता यह सीट समीर भुजबल के लिए मांग रहे थे और एनसीपी कार्यकर्ताओं ने ये भी ऐलान किया था कि वे नंदगांव में सुहास कांडे के समर्थन में काम नहीं करेंगे। लेकिन उनकी नहीं सुनी गई और सीट शेयरिंग फॉर्मूला के तहत ये सीट एकनाथ शिंदे के खाते में चली गई। इसके बाद शिंदे ने यहां से अपनी पार्टी के वर्तमान विधायक सुहास कांडे को टिकट दे दिया। इसके अलावा मुंबई की अंधेरी ईस्ट सीट पर एनसीपी (शिंदे) बनाम बीजेपी की खींचतान चल रही है। शिंदे चाहते हैं कि पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा की पत्नी यहां से चुनाव लड़ें। लेकिन बीजेपी भी यहीं से चुनाव लड़ना चाहती है। बीजेपी का कहना है कि प्रदीप शर्मा एंटीलिया और मनसुख हिरन मर्डर केस में आरोपी हैं और उनकी पत्नी को उम्मीदवार नहीं बनाया जाना चाहिए, ऐसे में बीजेपी का उम्मीदवार बेहतर रहेगा।