इंदौर (25 जनवरी 26)। बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) ने कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉपर्स की उत्तर पुस्तिकाएं अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की हैं। ये उत्तर पुस्तिकाएं पिछले तीन वर्षों यानी 2023 से 2025 की परीक्षाओं की हैं। मंडल का मानना है कि इससे छात्रों को यह समझने में मदद मिलेगी कि अच्छे अंक पाने के लिए उत्तर किस तरह लिखे जाते हैं।
मंडल द्वारा जारी की गई उत्तर पुस्तिकाओं में टॉपर्स के नाम और अंक छिपाए गए हैं। छात्र इन कॉपियों को देखकर यह समझ पा रहे हैं कि सवाल का जवाब सीमित शब्दों में, साफ और सटीक तरीके से कैसे लिखा जाए। शिक्षकों का कहना है कि इन उत्तर पुस्तिकाओं का सबसे बड़ा लाभ यह है कि छात्र अनावश्यक बातें लिखने से बचना सीख रहे हैं और केवल वही लिख रहे हैं, जो पूछा गया है। शहर के कई स्कूलों में शिक्षक इन उत्तर पुस्तिकाओं का उपयोग पढ़ाई के दौरान कर रहे हैं। गणित जैसे विषयों में छात्र सही फामूर्ला, स्टेपवाइज हल और स्पष्ट उत्तर लिखने का तरीका सीख रहे हैं। वहीं भाषा और सैद्धांतिक विषयों में शब्द सीमा, पैराग्राफ बनाने और साफ लिखावट पर ध्यान दिया जा रहा है।
छात्रों का कहना है कि इससे उनका डर कम हुआ है और आत्मविश्वास बढ़ा है। कक्षा 12वीं के छात्र प्रांजल सोनवणे ने बताया कि इससे यह समझ आता है कि कितना लिखना है और समय का सही उपयोग कैसे करना है। एमपी बोर्ड ने परीक्षा का पेपर पैटर्न भी जारी किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि टॉपर्स की उत्तर पुस्तिकाएं और पेपर पैटर्न मिलकर छात्रों की अंतिम समय की तैयारी को और प्रभावी बना रहे हैं। बोर्ड परीक्षाएं फरवरी से शुरू होंगी।