अहमदाबाद (13 जून 25)। अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 बुधवार को टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद क्रैश हो गई, जिससे पूरे देश में मातम छा गया। अब तक हादसे को लेकर एक के बाद एक दर्दनाक खबरें सामने आती रही थीं, लेकिन अब सीट नंबर 11A से मिली एक राहत की खबर ने उम्मीद की हल्की सी किरण जगाई है-वहां से एक यात्री को जिंदा निकाला गया है। इस यात्री को गंभीर चोटें आई हैं और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है. यात्री का नाम रमेश विश्वास कुमार है।
इस ड्रीमलाइनर फ्लाइट में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स शामिल थे। DGCA की रिपोर्ट के अनुसार, फ्लाइट AI171 ने 12 जून को दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। विमान मात्र पांच मिनट बाद यानी लगभग 1:43 बजे तकनीकी खराबी के कारण क्रैश हो गया। कैप्टन सुमीत सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर इस फ्लाइट को उड़ा रहे थे। अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने पहले जानकारी दी थी कि इस हादसे में कोई जीवित नहीं बचा। लेकिन इसके कुछ घंटों बाद सीट 11A पर एक यात्री के जीवित मिलने की खबर आई। अब मौके पर बचाव कार्य और तेजी से चलाया जा रहा है। विमान के अधिकतर शवों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है, क्योंकि वे बुरी तरह जल चुके हैं। इसलिए अब यात्रियों के परिजनों से DNA सैंपल लिए जा रहे हैं ताकि पहचान सुनिश्चित की जा सके।