Thursday, 01 Oct 2026

एयर टर्बुलेंस में यात्रियों को आईं हैं गंभीर चोटें

नईदिल्ली (06 अगस्त 26)। थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान में हुई घटना को लेकर अब नए सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआती जानकारी में इसे केवल 'मामूली चोटों' का मामला बताया गया था, लेकिन अब सामने आ रही रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें भी आई हैं।

बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान अचानक तेज झटके (टर्बुलेंस) आने से कई यात्री अपनी सीटों से उछल गए। घटना में कुछ यात्रियों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में विमान के अंदर अफरा-तफरी का माहौल भी देखा गया। घटना के बाद एयर इंडिया की ओर से कहा गया कि प्रभावित यात्रियों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई और अधिकतर यात्रियों को केवल मामूली चोटें आईं। हालांकि, बाद में सामने आई रिपोर्टों में कुछ यात्रियों को अपेक्षा से अधिक गंभीर चोटें लगने का दावा किया गया है, जिससे एयरलाइन के शुरुआती बयान पर सवाल उठने लगे हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ यात्री अस्पताल के बैड पर काफी हताश होकर लेटे हुए हैं। एक यात्री ने एयर इंडिया की पोल खोलते हुए कहा कि कंपनी ने दावा किया कि लोगों को मामूली चोटें आईं हैं, लेकिन यह सच नहीं है। यात्री के अनुसार, कई लोगों को गंभीर चोटे आईं हैं और हमें यह कहा गया कि कोई भी अंदर से वीडियो नहीं बनाएगा। साथ ही यह भी खुलासा हुआ कि यात्रियों ने हैदराबाद या लखनऊ में लैंडिग करने का अनुरोध किया, लेकिन क्रू मेंबर ने दिल्ली में ले जाने की बात कही और कहा कि वहां अच्छा इलाज होगा। हालांकि, वीडियो में शख्स साफ कह रहा कि उनका इलाज होने में भी देरी की गई। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!