टोक्यो (10 अगस्त 26)। जापान में एनीमे के प्रति दीवानगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। 32 साल की एक महिला ने लोकप्रिय एनीमे और मंगा सीरीज से जुड़े सामान के हजारों ऑर्डर किए, लेकिन उन्हें खरीदने या हासिल करने का उसका कोई इरादा नहीं था। उसने अलग-अलग अकाउंट से करीब 258 करोड़ रुपये के सामान के ऑर्डर किए और बाद में उन्हें कैंसिल कर दिया। पुलिस के मुताबिक, महिला का कहना था कि ऑर्डर करने से उसे संतुष्टि मिलती थी और रोजमर्रा का तनाव कम होता था।
जापानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मायु योशिदा नाम की 32 वर्षीय महिला पर आरोप है कि उसने जापानी प्रकाशन कंपनी शुइशा के ऑनलाइन स्टोर से 2,000 से ज्यादा ऑर्डर किए। इन ऑर्डर्स में मशहूर एनीमे और मंगा फ्रेंचाइजी ONE PIECE से जुड़े सामान भी शामिल थे। पुलिस का आरोप है कि महिला ने इन सामानों को खरीदने या लेने की योजना नहीं बनाई थी। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि उसने कथित तौर पर 238 अलग-अलग अकाउंट का इस्तेमाल किया। रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने कई तरीकों से ऑर्डर किए और बाद में उन्हें कैंसिल कर दिया। कुछ मामलों में उसने सुविधा स्टोर के जरिए भुगतान करने का विकल्प चुना, लेकिन तय समय के भीतर भुगतान नहीं किया। इन कैंसिल ऑर्डर्स की कुल कीमत करीब 4.3 अरब जापानी येन, यानी लगभग 258 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा महिला ने कैश-ऑन-डिलीवरी के जरिए भी बड़ी संख्या में ऑर्डर किए। जब पार्सल उसके पास पहुंचते, तो वह उन्हें लेने से कथित तौर पर इनकार कर देती थी। ऐसे 2,100 से ज्यादा ऑर्डर रद्द होने की बात सामने आई है।
महिला के लगातार ऑर्डर और कैंसिलेशन से शुइशा को भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। रिपोर्ट के मुताबिक, डिलीवरी और इससे जुड़े अन्य खर्चों में कंपनी को करीब 75 लाख येन, यानी लगभग 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ। कई बार महिला ने कथित तौर पर ऐसे पते भी इस्तेमाल किए जो वास्तविक नहीं थे। इससे सामान की डिलीवरी करना संभव नहीं हो पाता था। जांच के दौरान महिला ने कथित तौर पर ऑर्डर करने की अपनी अजीब वजह बताई। उसने कहा कि उसे एनीमे पसंद हैं और ऑनलाइन स्टोर पर कैरेक्टर से जुड़े सामान देखना अच्छा लगता था। उसके मुताबिक, रोजमर्रा की जिंदगी में जमा तनाव के बीच जब वह कोई सामान ऑर्डर कर लेती थी, खासकर ऐसा सामान जो बिकने से पहले मिल जाए, तो उसे संतुष्टि महसूस होती थी। उसने जांचकर्ताओं से कथित तौर पर कहा कि ऑर्डर करने के बाद उसे संतुष्टि और राहत महसूस होती थी। महिला ने यह भी कहा कि उसका शुइशा के प्रति कोई व्यक्तिगत गुस्सा या दुश्मनी नहीं थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने करीब छह साल पहले इस ऑनलाइन स्टोर से सामान खरीदना शुरू किया था। शुरुआत में वह सामान खरीदती थी और उसे प्राप्त भी करती थी। लेकिन अक्टूबर 2023 के आसपास कथित तौर पर उसके व्यवहार में बदलाव आया। इसके बाद करीब दो साल तक उसने लगातार सामान ऑर्डर करने और फिर उन्हें कैंसिल करने का सिलसिला जारी रखा। यह मामला शुइशा के Jump Characters Store से जुड़ा है। इस स्टोर पर लोकप्रिय मंगा और एनीमे फ्रेंचाइजी से जुड़े कैरेक्टर मर्चेंडाइज बेचे जाते हैं। कंपनी ने कहा कि इस तरह के व्यवहार से लंबे समय तक दूसरे ग्राहकों के लिए लोकप्रिय उत्पाद खरीदने का उचित अवसर प्रभावित हुआ। शुइशा ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।