Thursday, 01 Oct 2026

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाक सेना कमजोर रही: नियाजी

कराची (20 जुलाई 26)। भारत के ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन नूरीन नियाजी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय सैन्य कार्रवाई के दौरान पाकिस्तान की स्थिति बेहद कमजोर हो गई थी और सैन्य नेतृत्व को अंतरराष्ट्रीय शक्तियों से हस्तक्षेप की अपील करनी पड़ी। हालांकि, उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया। एक इंटरव्यू में नूरीन नियाजी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय हमलों के सामने पाकिस्तान की सैन्य स्थिति कमजोर पड़ गई थी।

उनके अनुसार, हालात ऐसे बन गए थे कि पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व को संघर्ष रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद मांगनी पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ देश की जनता के सामने जीत की कहानी पेश कर रहे हैं। नूरीन नियाजी ने दावा किया कि भारत ने इजरायल के कहने पर सैन्य कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाई, क्योंकि उस समय पाकिस्तान कथित तौर पर इजरायल को मान्यता देने की दिशा में बढ़ रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम पाकिस्तान के सैन्य नेतृत्व की छवि मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध था। नियाजी का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य टकराव का जिक्र करते हुए पाकिस्तान की सैन्य रणनीति और नेतृत्व पर सवाल उठाती नजर आती हैं। पाकिस्तान की संघीय जांच एजेंसी (FIA) के नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने  इस मामले में  नूरीन नियाजी को समन जारी किया है। एजेंसी ने उन पर सोशल मीडिया के जरिए फर्जी, आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री फैलाने तथा सरकारी संस्थानों की छवि खराब करने का आरोप लगाया है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!