Sunday, 04 Oct 2026

ऑपरेशन सिंदूर के पोस्टर में मोदी की फोटो पर बवाल

शिमला (22 मई 25)। ऑपरेशन सिंदूर के एक पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो पर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। हिमाचल प्रदेश में सरकार के 2 मंत्रियों ने पोस्टर पर सवाल उठाते हुए इसकी आलोचना की है तथा इसे सैनिकों के मनोबल को गिराने वाला करार दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं बागवानी व राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भाजपा पर अपनी राजनीति चमकाने के लिए तिरंगा यात्रा निकालने और पोस्टर लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केवल राजनीति चमकाने के लिए पोस्टर में फोटो लगाना व यात्रा निकालना देश हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने कश्मीर में निहत्थे लोगों की हत्या की तो उस समय पूरा देश एक साथ था, लेकिन अब मामला रुक गया है तो अब केंद्र सरकार को विपक्ष की याद नहीं आ रही है तथा अब राजनीतिक लाभ के लिए अपनी तारीफ स्वयं कर रहे हैं, जोकि गलत है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ जो सफलता मिली है, वह सेना के जरिए मिली है। हालांकि सरकार भाजपा की है, लेकिन इस मुसीबत के समय में कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दलों ने सरकार का पूरा सहयोग दिया। ऐसे में आज केवल राजनीति चमकाने के लिए इस तरह का काम देशहित में नहीं है।

वहीं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी पोस्टर पर प्रधानमंत्री के फोटो पर सवाल उठाया है तथा कहा है कि इससे जवानों का मनोबल गिरेगा। इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली है। इसमें विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हम प्रधानमंत्री का सम्मान करते हैं, पर इस तरह की होर्डिंग्स लगवाना कहां तक उचित है। हो सकता है कि यह उनके निर्देश पर नहीं किया गया हो, पर इसे उतारने के आदेश दिए जा सकते हैं। क्या इससे हमारे जवानों का मनोबल नहीं गिरेगा? कुछ चीजें राजनीति से ऊपर उठकर होती हैं। विक्रमादित्य सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर का पोस्टर भी शेयर किया है। वहीं उनकी पोस्ट पर हजारों लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कुछ ने पोस्टर में प्रधानमंत्री की फोटो को सही ठहराया है तो कई लोगों ने इसका विरोध करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित करार दिया है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!