Monday, 28 Sep 2026

ओलंपिक, भारत में खेलों को नए आसमान पर ले जाएगा: मोदी

नईदिल्ली (29 जनवरी 25)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओलंपिक 2036 की मेजबानी के संकल्प को दोहराते हुए मंगलवार को कहा कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिये पूरा जोर लगा रहा है और देश में ओलंपिक होंगे तो वह न सिर्फ भारत में खेलों को नयी ऊंचाइयों पर ले जायेंगे बल्कि इनसे अनेक क्षेत्रों को गति मिलेगी। यहां 38वें राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘जैसे हमारे खिलाड़ी हमेशा बड़े लक्ष्य लेकर चलते हैं, वैसे ही हमारा देश भी बड़े संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है।'

उन्होंने कहा, ‘आप सभी जानते हैं कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिये पूरा जोर लगा रहा है। जब भारत में ओलंपिक होंगे तो वह भारत के खेलों को एक नये आसमान पर ले जायेंगे।' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘ओलंपिक सिर्फ एक खेल का आयोजन नहीं होता। दुनिया के जिन देशों में भी ओलंपिक होता है, वहां अनेक क्षेत्रों में विकास को गति मिलती है। खेलों का बुनियादी ढांचा खड़ा होने से रोजगार का सृजन होता है। नये बुनियादी ढांचे के तैयार होने से निर्माण, परिवहन और पर्यटन क्षेत्र का विकास होता है।' मोदी ने 2036 ओलंपिक की मेजबानी का भारत का इरादा मुंबई में 2023 में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के सत्र के दौरान व्यक्त किया था।

भारतीय ओलंपिक संघ ने आईओसी को ओलंपिक की मेजबानी के इरादे का आशय पत्र सौंप दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय खेलों में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को आत्मसात करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा,‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत की बड़ी सुंदर तस्वीर यहां दिख रही है। यहां नये रिकॉर्ड बनेंगे, पुराने रिकॉर्ड टूटेंगे लेकिन मेरा आपसे आग्रह है कि जब आप यहां से जायें तो आपके पदक में भारत की एकता और श्रेष्ठता की चमक भी नजर आये।' प्रधानमंत्री ने कहा कि खेलों को आज भारत के विकास और युवाओं के आत्मविश्वास से जोड़कर देखा जा रहा है और पिछले कुछ समय में भारतीय खिलाड़ियों का असाधारण प्रदर्शन इसकी बानगी देता है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!