नीमच (30 अक्टूबर 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा औद्योगिक निवेश के लिए प्रदेश में अभियान चलाया जा रहा है। नीमच, एशिया में औषधीय फसलों की सबसे बडी मण्डी है। यहाँ की औषधीय फसलों को योग गुरू बाबा रामदेव के पतंजलि योग पीठ से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को नीमच में वीरेन्द्र कुमार सखलेचा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के लोकार्पण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा धनवंतरी जयंती धनतेरस पर नीमच सहित तीन नये मेडिकल कॉलेज की सौगात दी जा रही है। सनातन संस्कृति में चिकित्सक को भगवान के रूप में देखा जाता है। चिकित्सा के छात्र मानवता की सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। उन्होंने कहा कि नीमच में महामाया माँ भादवामाता का आर्शीवाद रहा है। यहां भादवामाता के पानी से ही रोग ठीक हो जाते है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धनवंतरी जयंती के अवसर पर नीमच के वीरेन्द्र कुमार सखलेचा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में नवप्रवेशी चिकित्सा छात्र-छात्राओं और मेडिकल कॉलेज के स्टॉफ से संवाद किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री जगदीश देवडा, राजेन्द्र शुक्ल एवं महिला, बाल विकास तथा जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, दिलीपसिंह परिहार, अनिरूद्ध मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिह चौहान, पवन पाटीदार, नपा अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा एवं जनपदों एवं नगरीय निकायों के अध्यक्ष, जन-प्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।