शिमला (23 सितंबर 24)। भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा सांसद एवं कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी पर लगाए गए आरोपों पर सियासत गर्मा गई है। इसी कड़ी में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सांसद को ओपन चैलेंज देते हुए कहा कि यदि उनके पास एक रुपए के हेर-फेर के भी तथ्य हैं तो उसके कागज पेश करें, अन्यथा उन्होंने सोनिया गांधी पर जो लांछन लगाए हैं, उसको लेकर उन पर मानहानि का दावा किया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह सभी को मालूम है कि केंद्र से जो सहयोग मिलती है वह एलओसी क्रैडिट ड्राफ्ट या ओवर ड्राफ्ट के माध्यम से ही खर्च होती है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में सोमवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि सांसद रनौत बिना सिर-पैर की बात कर रही हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह कहना कि केंद्र से जो सहयोग हिमाचल को आ रहा है या हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार जो पैसा विकास कार्य को दे रही है, वह सोनिया गांधी को दिया जा रहा है. इससे बड़ा मूर्खता भरा बयान कोई नहीं हो सकता है। इससे उनकी मानसिकता और शिक्षा के स्तर का पता चलता है। उन्होंने कहा कि मुझे यह कहते हुए दुख होता है वह ज्यादा शिक्षित नहीं हैं, इसलिए बारी-बारी अपने बयानों में इस तरह की चीजें दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री सोनिया गांधी के खिलाफ जो लांछन लगाए गए हैं, उसके लिए उन्हें तत्काल माफी मांगनी चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कंगना रनौत की बयानबाजी पर भाजपा भी कड़ा संज्ञान ले। यह वही सांसद हैं जो बेलगाम हैं और जिनको भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व पहले भी फटकार लगा चुका है।