नईदिल्ली (13 जुलाई 26)। कतर के पूर्व अमीर (फादर अमीर) शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर भारत सरकार ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए सोमवार को पूरे देश में एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, शोक के दौरान देशभर के उन सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, जहां तिरंगा नियमित रूप से फहराया जाता है। इसके साथ ही, इस दौरान कोई भी आधिकारिक सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।
शेख हमद का रविवार को 74 साल की उम्र में निधन हो गया। हालांकि कतर सरकार ने उनकी मृत्यु की घोषणा की है, लेकिन मौत के कारणों का खुलासा नहीं किया गया है। उन्हें आधुनिक कतर का निर्माता माना जाता है, जिन्होंने बड़े आर्थिक सुधारों के जरिए देश को एक प्रमुख ऊर्जा निर्यातक और अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थ के रूप में स्थापित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें दूरदर्शी नेता बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में कतर ने विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुआ। उन्होंने यह भी कहा कि शेख हमद भारत के सच्चे मित्र थे और दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
भारत सरकार की ओर से संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू जल्द ही कतर का दौरा करेंगे। वे वहाँ के शाही परिवार और नेतृत्व से मुलाकात कर भारत की ओर से संवेदनाएं प्रकट करेंगे। शेख हमद 1995 से 2013 तक कतर के अमीर रहे। उनके शासनकाल में कतर ने आर्थिक और कूटनीतिक स्तर पर अभूतपूर्व प्रगति की। साल 2013 में उन्होंने स्वेच्छा से सत्ता की बागडोर अपने पुत्र और वर्तमान अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी को सौंप दी थी।