ओटावा (29 जुलाई 26)। कनाडा में स्थायी निवास हासिल करने का सपना देख रहे भारतीयों के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर है। कनाडा सरकार द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में नए PR की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट का सबसे अधिक असर भारतीय नागरिकों पर पड़ा है, जो कुल कमी का लगभग 60 प्रतिशत है।
कनाडा के इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज़ एंड सिटिजनशिप कनाडा के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से मई 2026 के बीच कुल 1,47,260 लोगों को स्थायी निवास दिया गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 1,68,800 थी। यानी कुल 21,540 PR कम जारी किए गए, जो लगभग 12.5 प्रतिशत की गिरावट है। सबसे ज्यादा असर भारतीयों पर पड़ा। इस अवधि में भारतीय नागरिकों को मिलने वाले PR की संख्या 49,115 से घटकर 36,910 रह गई। यानी करीब 12,205 भारतीय कम PR हासिल कर पाए, जो लगभग 25 प्रतिशत की गिरावट है। यही वजह है कि कुल कमी का लगभग 57 से 60 प्रतिशत हिस्सा भारतीयों से जुड़ा है। कनाडाई आव्रजन विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में भारत से आने वाले आवेदकों की संख्या सबसे अधिक रही है। ऐसे में जब सरकार ने कुल इमिग्रेशन लक्ष्य कम किए तो इसका सबसे ज्यादा प्रभाव भारतीयों पर दिखाई दिया। एसोसिएशन फॉर कैनेडियन स्टडीज के अध्यक्ष जैक जेडवाब के अनुसार, जब किसी एक देश के नागरिक किसी इमिग्रेशन श्रेणी में सबसे बड़ी हिस्सेदारी रखते हैं, तो कटौती का सबसे अधिक असर भी उसी देश पर पड़ता है।