ओटावा (07 नवंबर 24)। विश्व जैन संगठन कनाडा ने हाल ही में खालिस्तानियों द्वारा ब्रैम्पटन हिंदू सभा मंदिर और सरी में लक्ष्मी नारायण मंदिर पर किए गए हमलों की कड़ी निंदा की है। संगठन के अध्यक्ष विजय जैन ने जारी एक बयान में कहा है कि अपने ही पूजा स्थल के भीतर शांतिपूर्ण भक्तों के खिलाफ यह हमला सम्मान, विविधता और स्वतंत्रता का उल्लंघन है जिन्हें कनाडा के लोग बहुत मानते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते हिंदू फोबिया से प्रेरित इस तरह के कृत्य ने जैन-कनाडाई समुदाय सहित हिंदू-कनाडाई समुदाय की सुरक्षा पर प्रहार किया है। यह हमला कोई अलग-थलग घटना नहीं है, बल्कि हिंदू-कनाडाई संस्थानों और भक्तों को निशाना बनाकर उग्रवाद और हिंदूफोबिया के बढ़ते पैटर्न का हिस्सा है। विजय जैन ने कहा कि हिंदू और जैन समुदाय के लोग कई बार सरकार से सुरक्षा करने की अपील कर चुके हैं। इसके बावजूद सरकार और प्रशासन सुरक्षित रूप से पूजा करने के हमारे अधिकार की रक्षा करने में विफल रहे हैं।