Tuesday, 29 Sep 2026

करोड़ों हिंदुओं से माफी मांगे राहुल: योगी आदित्यनाथ

लखनऊ (02 जुलाई 24)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर ‘भारत माता की आत्मा को लहूलुहान' करने का सोमवार को आरोप लगाते हुए उनसे ‘विश्व के करोड़ों हिंदुओं से माफी' की मांग की। आदित्यनाथ ने हिंदुओं को सहिष्णुता और उदारता का पर्याय बताया तथा कांग्रेस पर “मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति में डूबे होने' का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि संसद में राहुल ने झूठ बोला, जबकि अयोध्या में 1733 करोड़ रुपये का मुआवजा बांटा गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी ने सदन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि खुद को हिंदू कहने वाले हर समय ‘हिंसा और नफरत फैलाने' में लगे हैं।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, 'हिंदू भारत की मूल आत्मा है। हिंदू सहिष्णुता, उदारता और कृतज्ञता का पर्याय है। गर्व है कि हम हिंदू हैं।' उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति में डूबी हुई, स्वयं को 'एक्सीडेंटल हिंदू' कहने वाली जमात के 'शहजादे' को यह बात भला कैसे समझ आएगी? मुख्यमंत्री ने कहा,''आपको विश्व के करोड़ों हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए राहुल जी! आपने आज एक समुदाय को नहीं, भारत माता की आत्मा को लहूलुहान किया है।” 

लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण संबंधी धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए गांधी ने कहा, ‘सभी धर्मों और हमारे सभी महापुरुषों ने अहिंसा और निडरता की बात की है। वे कहते थे कि डरो मत, डराओ मत। शिवजी कहते हैं डरो मत, डराओ मत। वह अहिंसा की बात करते हैं। लेकिन जो लोग अपने आपको हिंदू कहते हैं वो 24 घंटे हिंसा, नफरत और असत्य की बात करते हैं।' 

Tags:

Follow us

This question is not available..!