Monday, 28 Sep 2026

कर्नाटक सरकार राज्य को वित्तीय संकट में धकेल रही: भाजपा

बेंगलुरु (24 सितंबर 26)। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार पर राज्य को वित्तीय संकट की ओर धकेलने और विकास कार्यों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं ने बुधवार को यहां विधान सौध परिसर में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कर्नाटक के वित्त विभाग द्वारा एक दिन पहले इस समय बड़े खर्च वाली परियोजनाएं शुरू करने के प्रति आगाह किए जाने के बाद किया गया।

वित्त विभाग ने सीमित राजकोषीय गुंजाइश का हवाला देते हुए वित्त पोषण के लिए 'यथार्थवादी एवं सतर्क' रवैया अपनाने की जरूरत पर बल दिया था। यहां विधान सौध में केंगल हनुमंतैया की प्रतिमा के पास भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष चलवादी नारायणस्वामी के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में विधायक और विधान पार्षद भी शामिल हुए। भाजपा ने आरोप लगाया कि वित्त विभाग की टिप्पणियों से सरकार की वित्तीय स्थिति उजागर हो गई है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य की वित्तीय स्थिति कमजोर होने के बावजूद कांग्रेस सरकार 'झूठे वादे' कर रही है और कर्नाटक में विकास प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को वित्त विभाग ने मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क संपर्क योजना के प्रस्ताव की समीक्षा करते हुए ये टिप्पणियां की थीं। इस योजना की अनुमानित लागत 10,000 करोड़ रुपये है। प्रस्ताव पर एक टिप्पणी में विभाग ने कहा कि इस परियोजना को 2026-27 और 2027-28 में लागू करने का प्रस्ताव है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!