नईदिल्ली (19 फरवरी 25)। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 12 दिन बाद, 20 फरवरी को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के रामलीला मैदान में होगा। भाजपा ने अभी तक मुख्यमंत्री का चेहरा तय नहीं किया है। इसके लिए पार्टी ने 19 फरवरी को विधायक दल की बैठक बुलाई है, जहां मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा।
पहले यह खबर आई थी कि भाजपा विधायक दल की बैठक 17 फरवरी को होगी और 18 फरवरी को शपथ ग्रहण होगा, लेकिन बाद में इसे दो दिन के लिए टाल दिया गया। इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं किया गया है। भाजपा के सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण कार्यक्रम दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, भाजपा और एनडीए शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित होंगे। इसके अलावा उद्योगपति, फिल्म स्टार, क्रिकेट खिलाड़ी, साधु-संत और राजनयिक भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वहीं, दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के लिए भाजपा में चर्चा तेज हो गई है और कई प्रमुख नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं।