Tuesday, 06 Oct 2026

कश्मीर की बारिश बनी पाक के लिए आफत

जम्मू (02 मई 25)। जम्मू-कश्मीर में मूसलाधार बारिश के बाद अब पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में बाढ़ का खतरा गहराने लगा है। खासकर चिनाब और झेलम नदियों में अचानक जलस्तर बढ़ गया है जिससे पाकिस्तान के कई इलाकों में जलप्रलय की आशंका जताई जा रही है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 1 मई से 6 मई 2025 के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद सहित आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसका सीधा असर चिनाब और झेलम नदियों के बहाव पर पड़ा है।

2 मई को जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में भारी बारिश के कारण चिनाब नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। चिनाब नदी जो भारत से पाकिस्तान की ओर बहती है, उसका बढ़ा जलस्तर पाकिस्तान के लिए गंभीर संकट लेकर आया है। चिनाब के किनारे बसे पाक अधिकृत कश्मीर के गांवों में बाढ़ की चेतावनी जारी कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर है।

26 अप्रैल 2025 को भारत की ओर से झेलम नदी में अतिरिक्त पानी छोड़ा गया था, जो हट्टिन बाला क्षेत्र होते हुए पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद तक पहुंचा। इससे मुजफ्फराबाद में बाढ़ जैसे हालात बन गए और स्थानीय प्रशासन ने ‘वॉटर इमरजेंसी’ घोषित कर दी। अनंतनाग जिले से होकर गुजरने वाली झेलम नदी का पानी चकोठी क्षेत्र में भी घुस गया, जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए। बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हैं और प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है क्योंकि बारिश का दौर जारी है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!