जम्मू (14 जून 25)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को कश्मीर में 8 पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने की घोषणा की है। दक्षिण कश्मीर में पत्रकारों से बात करते हुए एलजी सिन्हा ने कहा, '22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद एहतियात के तौर पर पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया गया था। स्थिति का आकलन करने के बाद यह निर्णय लिया गया है कि बंद स्थलों को चरणबद्ध तरीके से पर्यटकों के लिए फिर से खोला जाएगा।'
एलजी सिन्हा ने कहा कि सबसे पहले यह निर्णय लिया गया है कि अनंतनाग जिले में बेताब घाटी, वेरीनाग, कोकरनाग और अच्छाबल उद्यान, पहलगाम बाजार में पार्क जनता के लिए खोले जाएंगे। जबकि श्रीनगर में बादामवारी, डक पार्क और हजरतबल के पास तकदीर पार्क को फिर से खोला जाएगा। एलजी सिन्हा ने उम्मीद जताई कि आगामी अमरनाथ यात्रा से कश्मीर में पर्यटन को पुनर्जीवित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, 'मैं लोगों से आग्रह करता हूं कि वे आगे आएं और वार्षिक तीर्थयात्रा को सफल बनाएं।' 'यह आपकी यात्रा है। इससे आपकी अर्थव्यवस्था को सुधारने और पर्यटन को पुनर्जीवित करने में मदद मिलेगी।'