इंदौर (07 जून 26)। शहर के पुराने व्यावसायिक केंद्र छावनी में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। इसे लेकर कांग्रेस ने शनिवार को जन अधिकार यात्रा निकाली। कांग्रेस ने आंदोलन कर राज्य सरकार और नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यात्रा में स्थानीय रहवासी, व्यापारी और कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शन में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन के युवा कांग्रेस नेता दीपक जोशी 'पिंटू' ने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के साथ घोर अन्याय किया गया है।
प्रदर्शन में शामिल शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्रवासियों को 60 फीट सड़क निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर 80 फीट तक तोड़फोड़ की गई। बिना पर्याप्त संवाद और पुनर्वास व्यवस्था के की गई कार्रवाई से अनेक परिवारों और व्यापारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। जन अधिकार यात्रा में शामिल कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छावनी क्षेत्र के रहवासियों और व्यापारियों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस प्रभावित नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। कांग्रेस ने मांग की कि सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही भविष्य में क्षेत्र में भवन निर्माण और विकास कार्यों के लिए 60 फीट सड़क सीमा को ही आधार बनाकर नक्शों की स्वीकृति दी जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि प्रभावित नागरिकों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। जन अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात भी की।