शिमला (24 अप्रैल 25)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद प्रदेश कांग्रेस ने 26 अप्रैल को शिमला के चौड़ा मैदान में प्रस्तावित संविधान बचाओ राज्य स्तरीय रैली को स्थगित कर दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि संविधान बचाओ रैली की अगली तारीख फिर से तय की जाएगी। उन्होंने पहलगाम हमले में मारे गए निर्दोष लोगों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस घटना के बाद देश में भारी गुस्सा व आक्रोश है। कांग्रेस पार्टी आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में देश की जनता के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस दुखद घटना के कारण पूरे देश में भय और दुख का माहौल है और हिमाचल प्रदेश में भी अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले 2 वर्षों तक कश्मीर में पर्यटन गतिविधियां व्यापक स्तर पर थीं और वहां 2.33 करोड़ पर्यटक पहुंचे। इस घटना से कश्मीर में पर्यटन को गहरा धक्का लगा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस घटना को देखते हुए संविधान बचाओ रैली को स्थगित कर दिया है। कांग्रेस पार्टी दुख की इस घड़ी में केंद्र सरकार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि अब बाहरी ताकतों से सख्ती से निपटने का समय आ गया है, ताकि फिर से ऐसी घटना घटित न हो।