Monday, 28 Sep 2026

कांग्रेस-केजरीवाल भ्रष्टाचार का पर्याय: अनुराग ठाकुर

हमीरपुर (22 मई 24)। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार का पर्याय बताते हुए कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य सत्ता हासिल करना और पैसा बनाना है। हमीरपुर और ऊना जिले में चुनावी रैलियों में अपने संबोधन में ठाकुर ने आरोप लगाया कि जब भारतीय सेना डोकलाम में चीनी सेना को मुंहतोड़ जवाब दे रही थी तब कांग्रेस के नेता बंद दरवाजे के पीछे चीन के साथ बतिया रहे थे।

ठाकुर ने कहा, 'कांग्रेस ने चीन से कितना पैसा लिया है और बंद दरवाजे के पीछे कौन से हस्ताक्षर (समझौते) किये गये हैं? राहुल गांधी को यह जनता को बताना चाहिए।'' उन्होंने दावा किया कि "जब हमारे सैनिक बेहतर सुविधाओं के लिए तरस रहे थे, तब कांग्रेस ने लगातार दुश्मन देशों के इशारे पर सेना को कमजोर किया और रक्षा सौदों के दलाल के रूप में काम किया।' हमीरपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी ठाकुर ने आरोप लगाया, 'कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के पर्याय हैं तथा उनके मन में लोगों के प्रति कोई प्यार और विश्वास नहीं है। वे केवल पैसा बनाने और विरोधियों को परेशान करने के वास्ते सत्ता पाने के लिए काम कर रहे हैं।'

उन्होंने कहा कि देश के लोग काफी समझदार हैं और वे कांग्रेस एवं आप को भारत की राजनीति से बाहर कर देंगे। ठाकुर ने दावा किया कि पिछले साल मानसून के दौरान आई आपदा के समय हिमाचल प्रदेश को केंद्र ने 1,700 करोड़ रुपये की सहायता दी थी और बाढ़ प्रभावित की मदद के लिए एनडीआरएफ की 13 टीम राज्य में भेजी गई थीं। उन्होंने कहा कि लेकिन कांग्रेस के नेता दावा कर रहे हैं कि भाजपा नीत केंद्र ने आपदा के दौरान लोगों के लिए कुछ नहीं किया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!