इंदौर (09 मई 26)। कांग्रेस के कद्दावर नेता इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन के पूर्व विधायक अश्विन जोशी का दुखद निधन हो गया। इस खबर से इंदौर शहर और उनके शुभचिंतकों सहित कांग्रेस में शोक की लहर है। अश्विन जोशी की पहचान कर्मठ और बेबाक नेताओं में थी। शहर में पानी की किल्लत को दूर करने के उनके ठोस प्रयासों की वजह से उन्हें पानी वाले बाबा के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने राजवाड़ा पर आजादी पर्व के जश्न की शुरुआत कर लोगों को राष्ट्रवाद से जोड़ने में भी अहम् भूमिका निभाई। उनके जाने से शहर की राजनीति को गहरा धक्का लगा है। पूर्व विधायक अश्विन जोशी का परिवार मप्र और राजस्थान का प्रतिष्ठित परिवार है। वे स्वर्गीय मणिशंकर जोशी पुत्र, कमलाशंकर जोशी एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय महेश जोशी के भतीजे, वरिष्ठ पत्रकार संजय जोशी, मनीष जोशी 'बंटी' एवं कांग्रेस नेता दीपक जोशी 'पिंटू' के भाई एवं आदित्य जोशी के पिता थे। उनकी अंतिम यात्रा 11 मार्तण्ड चौक से रविवार सुबह प्रातः 10 बजे निकलेगी। उनका अंतिम संस्कार रविवार सुबह रामबाग मुक्तिधाम में किया जायेगा। जोशी के निधन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित अनेक दलों के कई दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित की है।