हमीरपुर (31 मई 24)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के घोषणा-पत्र को मुस्लिम लीग का घोषणा-पत्र बताते हुए बृहस्पतिवार को मतदाताओं से कहा कि कांग्रेस को वोट देना मुस्लिम लीग को वोट देने जैसा होगा। योगी आदित्यनाथ हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी तथा केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। उन्होंने ठाकुर को नरेन्द्र मोदी सरकार के ‘नवरत्नों' में से एक बताया और कंगना की तुलना रानी लक्ष्मीबाई से की। योगी ने कुल्लू और हमीरपुर में दो रैलियों को संबोधित करते हुए कहा कि 1940 के दशक में मुस्लिम लीग ने जो किया, वही आज कांग्रेस कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आई तो मुस्लिम पर्सनल लॉ लागू किया जाएगा और महिलाओं की आजादी छीन ली जाएगी।
उन्होंने कहा कि वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बी आर आंबेडकर द्वारा तैयार संविधान के तहत देश में शासन करेगी। भाजपा उम्मीदवार एवं अभिनेत्री कंगना रनौत के लिए वोट मांगते हुए योगी ने कहा कि उन्होंने बॉलीवुड में अपने लिए एक अलग पहचान बनाई और मुंबई में कांग्रेस और महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ अकेले लड़ाई लड़ी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे शनिवार को मतदान के दिन कम से कम 10 घरों में जाएं और लोगों को मतदान केंद्रों तक ले जाएं। सूचना एवं प्रसारण मंत्री ठाकुर के लिए लोगों से वोट देने का आग्रह करते हुए योगी ने कहा, ‘मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि अनुराग जीतेंगे लेकिन मैं आपसे अपील करने आया हूं कि आप उन्हें रिकॉर्ड मतों से जिताएं।'
उन्होंने कहा कि ठाकुर ने खेल के क्षेत्र में ‘उत्कृष्ट कार्य' किया है और उनके पास सूचना एवं प्रसारण जैसा प्रतिष्ठित मंत्रालय है, जो पूर्व में लाल कृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज और अरुण जेटली जैसे दिग्गजों के पास रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि ठाकुर केवल हिमाचल के बेटे नहीं हैं, बल्कि भारत के भी बेटे हैं और उन्होंने हिमाचल और पूरे देश में स्टेडियम का निर्माण कराया है। उन्होंने कहा कि यदि युवा खेलों में भाग लेंगे तो वे नशे से दूर रहेंगे और भारत के विकास में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि अतीत में भारत ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेता रहा है, लेकिन कुछ ही पदक जीत पाता था। उन्होंने कहा कि ठाकुर के खेल मंत्री बनने के बाद भारत ने ओलंपिक और अन्य खेलों में रिकॉर्ड संख्या में पदक जीते हैं और भारत 2036 में ओलंपिक खेलों का आयोजन स्थल होगा।