मुंबई (14 जून 26)। शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस कोई डूबता हुआ जहाज नहीं है और अतीत में कांग्रेस छोड़कर अलग दल बनाने वाले नेताओं को फिर से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करना चाहिए। राउत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से इस दिशा में पहल करने की अपील करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ''विकृत राजनीति'' का मुकाबला करने के लिए सभी को एक साथ आना होगा। उनकी यह टिप्पणी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा एक दिन पहले कांग्रेस को डूबता जहाज बताए जाने और यह कहे जाने के बाद आई कि कोई समझदार व्यक्ति उसमें (कांग्रेस में) सवार नहीं होगा।
राउत ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'यदि हम वास्तव में भाजपा की विकृत राजनीति के खिलाफ लड़ना चाहते हैं, तो सभी को एकजुट होना होगा। कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनना चाहिए। कांग्रेस छोड़कर गए सभी नेताओं को पहले एक साथ आना चाहिए। यदि वरिष्ठ नेता शरद पवार पहल करें तो यह संभव हो सकता है। हम एक क्षेत्रीय पार्टी हैं और हम आपके साथ खड़े रहेंगे। शिवसेना (उबाठा) के प्रवक्ता ने कहा, 'आज भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कांग्रेस से डरते हैं। कांग्रेस कभी डूबता हुआ जहाज नहीं थी।' इस सप्ताह की शुरुआत में भी राउत ने कहा था कि तृणमूल कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) जैसी पार्टियां, जो कभी कांग्रेस का हिस्सा थीं, उन्हें फिर से एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करना चाहिए, क्योंकि यह 'समय की आवश्यकता' है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए राउत ने कहा, 'जरा एक प्रतिशत भी वह काम दिखाइए जो सही में भाजपा ने किया हो। वे न तो स्वतंत्रता संग्राम का हिस्सा थे और न ही संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन में उन्होंने भाग लिया। इन आंदोलनों के दौरान उनका कहीं कोई अस्तित्व नहीं था। ये लोग कायर हैं।' जब उनसे 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चाओं के बीच शिवसेना (उबाठा) के सांसदों के बीच कथित असंतोष के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, 'केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सौ बार 'ऑपरेशन टाइगर' चला चुके हैं। राजनीतिक दलों और उनके नेताओं को तोड़ना लोकतंत्र की विकृत मानसिकता का परिचायक है।' राज्यसभा सदस्य ने कहा कि वर्तमान भाजपा नेतृत्व के दौर में यह विकृति अपने चरम पर पहुंच गई है, लेकिन एक दिन इसका अंत भी होगा।