Friday, 09 Oct 2026

कांग्रेस नेता पिंटू जोशी का अनूठा प्रदर्शन

इंदौर (01 सितंबर 25)। शहर में बारिश ने स्मार्ट प्रशासन और नगर निगम के कारनामों की पोल खोल कर रख दी है। प्रशासनिक लापरवाही के कारण पूरे शहर में चांद की सतह से ज्यादा गड्ढे हो गए है। इससे शहर के नागरिक दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन और उनके कर्ता-धर्ता कुंभकर्ण की नींद सोए हुए हैं। यह आरोप इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन के कांग्रेस के युवा नेता दीपक जोशी 'पिंटू' ने लगाते हुए अनूठा प्रदर्शन किया। उन्होंने अंतरिक्ष यात्री का लिबाज पहनकर शहर की सड़कों का मुआयना किया। 

सोमवार को मधु मिलन चौराहे से गुजर रहे राहगीर उस समय चौंक गए, जब उन्होंने अंतरिक्ष यात्री का लिबाज पहने एक व्यक्ति को सड़क पर पैदल मार्च करते हुए देखा। बाद में लोगों को पता चला कि सड़कों पर जानलेवा गड्ढों के विरोध में यह कांग्रेस का प्रदर्शन है, तो वे इस मजमे में शामिल हो गए। दरअसल, कांग्रेस के युवा नेता दीपक जोशी 'पिंटू' ने अपने समर्थकों के साथ शहर की सड़कों पर उभरे गड्ढों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए यह अनूठा तरीका अपनाया। उन्होंने अंतरिक्ष यात्री का लिबाज पहनकर शहर की सड़कों का मुआयना करते हुए लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। साथ ही इस दुर्दशा के लिए स्थानीय प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के साथ महापौर और अन्य जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि शहर में ऐसा कोई गली-मोहल्ला, सड़क रोड़ नहीं है, जहां गड्ढे की वजह से जल जमाव की स्थिति नहीं बन रही है और इस कारण आए दिन ट्रैफिक जाम ना हो रहा हो। 

कांग्रेस के युवा नेता दीपक जोशी 'पिंटू' ने कहा कि इस लापरवाही से लोग दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए खर्च करने बाद भी शहर की हालत बदतर होती जा रही है। जोशी ने कहा कि जनता का पैसा नेता और अधिकारियों की जेब में जा रहा है। उन्होंने कहा कि सालों से निगम की प्रयोगशाला बन चुके मधुमिलन चौराहे का नाम प्रभु मिलन चौराहा का देना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने इन गड्ढों का नामकरण स्थानीय विधायक और महापौर के नाम भी किया। साथ ही भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल के फूल के प्रतीक को इन गड्ढों में चिन्हित कर इस दुर्दशा के लिए भाजपा सरकार को भी दोषी ठहराया। 

कांग्रेस के इस प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष नीलेश सेन, रोहित जोशी, देवेन्द्र सिंह यादव, रवि गुरनानी, विशाल चतुर्वेदी, गिरीश जोशी, अंकित पंवार, प्रतीक मित्तल, मिथुन यादव, सावन सिलावट, दिनेश सिलावट, विशाल शर्मा, आशुतोष पांडे, अक़ीब ख़ान, अरमान मेव, आकाश निजामपुरकर, राजा शेख, नैतिक विष्नार, अंकित जोशी, रोहन जोशी, अमजद ख़ान, मनीष जैन, सचिन पंवार, समीर सोनकर, जितेंद्र पाटिल, पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे ।


Tags:

Follow us

This question is not available..!