Monday, 28 Sep 2026

कांग्रेस नेता पिंटू जोशी का महापौर पर तीखा तंज

इंदौर (21 सितंबर 26)। इंदौर में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' की जबर्दस्त सफलता से कांग्रेस नेता खासे उत्साहित हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम में उमड़ी युवाओं की भीड़ ने स्थानीय ही नहीं प्रदेश भर में कांग्रेस को एक नई ऊर्जा से भर दिया है। राहुल गांधी के कार्यक्रम पर भाजपा के हर छोटे-बड़े नेताओं की प्रतिक्रिया से जाहिर भी है कि इस बार कांग्रेस का तीर सही निशाने पर लगा है। 

इंदौर के कांग्रेस नेता अब भाजपाइयों को निशाने पर ले रहे हैं। इंदौर विधानसभा तीन के युवा नेता दीपक जोशी 'पिंटू' ने तो महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर सीधा हमला बोलते हुए तीखा तंज किया है। पिंटू जोशी ने कहा कि 'इसे कहते हैं असली दिव्य विज़न! पढ़े-लिखे नेता का यही तो जलवा है! अब इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव जी को ही देख लीजिए। उन्हें पहले ही अंदाज़ा हो गया था कि ऐतिहासिक लाखों लोगों की महा-भीड़ आने वाली है और नेहरू स्टेडियम छोटा पड़ जाएगा! भाईसाहब, ऐसी अचूक कैलकुलेशन और माइक्रो-मैनेजमेंट के आगे तो नासा (NASA) भी फेल है। वाकई स्टेडियम छोटा पड़ गया... ऐसी दूरदृष्टि को शत-शत नमन! चलो शहर को 'पढ़े लिखे' का एक लाभ तो मिला..!'

गौरतलब है कि कांग्रेस ने अपने नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए सबसे पहले नेहरू स्टेडियम की ही मांग की थी, लेकिन नगर निगम और उसके मुखिया महापौर ने इसे खेल गतिविधियों के नाम पर देने से इंकार कर दिया था। यही नहीं राहुल गांधी के कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' के दिन तक भाजपाई कुछ न कुछ ऐसी बयानबाजी करते रहे कि उसका सीधा लाभ कांग्रेस को मिला। कार्यक्रम वाले दिन हुई पोस्टरबाजी ने तो इसे चरम पर पहुंचा दिया, अब भाजपाई अपनी खिसयाहट छुपाते फिर रहे हैं। फिलहाल तो राहुल गांधी के कार्यक्रम की सफलता ने कांग्रेस में नई जान फूंक दी है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!