Sunday, 04 Oct 2026

कांग्रेस नेता राय ने राफेल को बताया खिलौना

लखनऊ (04 मई 25)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में शोक और गुस्से का माहौल है। इसी बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए एक अनोखा और प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने एक राफेल विमान के खिलौना मॉडल पर नींबू और मिर्ची लटकाकर सरकार की आतंकवाद नीति पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस नेता अजय राय ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राफेल का खिलौना मॉडल सामने रखकर कहा, 'सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च करके राफेल विमान मंगवाए थे, लेकिन आज वे सिर्फ हैंगर में खड़े हैं। उन पर तो नींबू और मिर्ची लटकी हुई हैं। क्या ये लड़ाकू विमान केवल नजरबट्टू बनाकर रख दिए गए हैं?' उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर भी चर्चा छेड़ दी है। कई लोगों ने इस विरोध को सरकार की आतंकवाद विरोधी नीति पर करारा कटाक्ष बताया है।

अजय राय ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह आतंकी घटनाओं पर सिर्फ भाषण देकर काम चला रही है जबकि जमीनी स्तर पर कोई सख्त कार्रवाई नजर नहीं आती। उन्होंने कहा,"हाल ही में पहलगाम में हमारे कई बहादुर जवान शहीद हो गए। लेकिन सरकार ने अब तक कोई ठोस एक्शन नहीं लिया। आखिर कब लिया जाएगा एक्शन?" अजय राय ने सवाल उठाया कि सरकार आखिर उन आतंकियों, उनके समर्थकों और उन्हें पालने वालों के खिलाफ कब कार्रवाई करेगी? अजय राय का यह विरोध केवल प्रेस वार्ता तक सीमित नहीं रहा। जैसे ही उनका यह बयान और राफेल का नींबू-मिर्ची मॉडल सामने आया, सोशल मीडिया पर यह छा गया। ट्विटर और फेसबुक पर इसे लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई। कई लोगों ने इसे विपक्ष का साहसी कदम बताया, वहीं कुछ ने इसे सिर्फ एक राजनीतिक स्टंट कहा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!