अकोला (10 नवंबर 24)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के अकोला में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टियों और उनके नेताओं पर कई गंभीर आरोप लगाए। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों को बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान, न्यायालय और देश की भावना की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र का आशीर्वाद हमेशा बीजेपी के साथ है और 'राष्ट्र प्रथम' की भावना भारत की ताकत है। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा, 'पिछले दस सालों में महाराष्ट्र ने लगातार बीजेपी को दिल खोलकर आशीर्वाद दिया है। इस आशीर्वाद के कारण ही बीजेपी को महाराष्ट्र में मजबूत समर्थन मिला है। पीएम ने महाराष्ट्र के लोगों की देशभक्ति, राजनीतिक समझ और दूरदृष्टि की सराहना की।' पीएम मोदी ने 9 नवंबर की तारीख को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, 'आज के दिन, 2019 में भारत की सुप्रीम कोर्ट ने राम मंदिर पर अपना फैसला सुनाया था। इस फैसले के बाद, सभी धर्मों के लोगों ने संवेदनशीलता और भाईचारे का उदाहरण पेश किया, जो भारत की 'राष्ट्र प्रथम' भावना का प्रतीक है।'