Monday, 28 Sep 2026

कांग्रेस ने देश को गरीबी के सिवा कुछ नहीं दिया: पीएम

लातूर (30 अप्रैल 24)। कांग्रेस और समस्याओं को 'जुड़वां भाइयों' की तरह बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सत्ता में रहने के दौरान पार्टी ने गरीबी के अलावा देश को कुछ नहीं दिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के लिए महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के लातूर और धाराशिव जिलों में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर लोगों और किसानों को धोखा देने तथा देश में उनके सपनों को कुचलने का भी आरोप लगाया।

पीएम मोदी ने लातूर में कहा, 'कांग्रेस और समस्याएं जुड़वां भाइयों की तरह हैं। उन्होंने कभी भी लोगों की समस्याओं को खत्म करने की कोशिश नहीं की। लातूर जल संकट का सामना कर रहा है, लेकिन क्या उन्होंने इस मुद्दे को हल करने की कोशिश की। कांग्रेस ने जल योजनाओं को लटकाए रखा और ‘वाटर ग्रिड' योजना में बाधा पैदा की।' उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश को गरीबी के अलावा कुछ नहीं दे सकी। मोदी ने दावा किया कि वह शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी मुहैया नहीं करा सकी।

उन्होंने कहा, 'हमारे युवा हमेशा प्रतिभाशाली रहे हैं, लेकिन कांग्रेस ने 60 साल तक देश के लोगों के सपनों को कुचल दिया। कांग्रेस ने सिर्फ एक परिवार के बारे में सोचा, लेकिन मैं पूरे देश के बारे में सोचता हूं। हम कुछ पुराने कानूनों को खत्म कर रहे हैं और कुछ को आसान बना रहे हैं।' मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया' पर निशाना साधते हुए कहा, 'जब मैं 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की बात करता हूं तो कांग्रेस के शहजादे को बुखार आ जाता है। जिन लोगों ने देश को टुकड़ों में देखा है, वे अब प्रधानमंत्री पद को बांटना चाहते हैं।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!