इंदौर (16 दिसंबर 24)। मध्य प्रदेश की सरकार के लोकविरोधी नीतियों के ख़िलाफ़ कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा का घेराव किया। कांग्रेस के इस प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने किया। इस प्रदर्शन एवं घेराव में इंदौर से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भोपाल रवाना हुए। इंदौर से युवा नेता दीपक जोशी 'पिंटू' और अमन बजाज के नेतृत्व में इंदौर और मालवा-निमाड़ के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम भोपाल पहुंचा। इन सभी के लिए इंदौर बायपास पर स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। इन सभी कार्यकर्ताओं ने युवा नेता दीपक जोशी 'पिंटू' की अगुआई में कांग्रेस के प्रदर्शन और घेराव में भागीदारी कर आंदोलन को प्रभावी बनाया। कांग्रेस नेता दीपक जोशी 'पिंटू' का कहना है कि प्रदेश की भाजपा सरकार की तानाशाही और अकर्मण्यता की वजह से राज्य का किसान, युवा और आम जन परेशान है। इस सरकार ने नैतिकता खो दी है।