नईदिल्ली (17 नवंबर 24)। चुनाव आयोग ने भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) और कांग्रेस दोनों राजनीतिक दलों को एक-दूसरे के खिलाफ की गई शिकायतों के संबंध में नोटिस भेजे हैं। ये शिकायतें महाराष्ट्र और झारखंड में चल रहे विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के दौरान की गईं थीं। चुनाव आयोग ने दोनों प्रमुख दलों के अध्यक्षों से इन शिकायतों के संबंध में जवाब देने को कहा है। चुनाव आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को एक चिट्ठी भेजी है, जिसमें 11 नवंबर को भाजपा द्वारा दर्ज की गई शिकायत का उल्लेख किया गया है। इस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस के स्टार प्रचारकों ने चुनाव प्रचार के दौरान चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया। विशेष रूप से, महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों तथा उपचुनावों के लिए कांग्रेस के प्रचारकों पर यह आरोप लगाया गया कि उन्होंने आचार संहिता का पालन नहीं किया। चुनाव आयोग ने मल्लिकार्जुन खरगे से इस शिकायत के संदर्भ में औपचारिक जवाब देने को कहा है। आयोग ने उन्हें सोमवार, 1 बजे तक जवाब दाखिल करने की अंतिम तिथि दी है। चुनाव आयोग ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी एक चिट्ठी भेजी है, जिसमें कांग्रेस द्वारा 13 नवंबर को दायर की गई दो शिकायतों का जिक्र किया गया है। इन शिकायतों में भाजपा के स्टार प्रचारकों पर चुनाव प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है।