Wednesday, 30 Sep 2026

कांग्रेस विधायक का दावा- भाजपा चाहती है सिद्धरमैया सरकार को गिराना

बेंगलुरु (26 अगस्त 24)। कर्नाटक में कांग्रेस के एक विधायक ने विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को अस्थिर करने के लिए ‘ऑपरेशन कमल' चलाने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि 100 करोड़ रुपये की पेशकश कर कांग्रेस विधायकों को लुभाने का प्रयास किया जा रहा है। मांड्या से कांग्रेस विधायक रविकुमार गौड़ा ने कहा कि भले ही भाजपा विधायकों को लालच देकर सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है, लेकिन कोई भी विधायक उसके झांसे में नहीं आएगा और राज्य में कांग्रेस की सरकार स्थिर एवं मजबूत है।

गौड़ा ने कहा, ‘मैं आज भी कह रहा हूं कि उन्होंने (भाजपा ने) अब 50 करोड़ रुपये की पेशकश को बढ़ाकर 100 करोड़ रुपये कर दिया है। किसी ने परसों फोन करके कहा था कि सौ करोड़ रुपये तैयार हैं। वे 50 विधायकों को खरीदना चाहते हैं। भाजपा के लोग 50 करोड़ रुपये से 100 करोड़ रुपये पर पहुंच गए हैं।' उन्होंने यहां मीडिया से कहा, ‘किसी ने मुझे फोन किया था, मैंने उससे कहा कि 100 करोड़ रुपये अपने पास रखो, मैंने ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) से शिकायत करने के बारे में सोचा। वे (भाजपा) हमारी सरकार को गिराने की योजना रोजाना बना रहे हैं, 50 करोड़ रुपये से अब वे 100 करोड़ रुपये की पेशकश पर पहुंच गए हैं, लेकिन हमारी सरकार स्थिर है, मुख्यमंत्री भी मजबूत हैं।' इससे पहले पिछले साल अक्टूबर में भी गौड़ा ने दावा किया था कि एक टीम ने कांग्रेस विधायकों को 50 करोड़ रुपये और मंत्री पद देने का लालच देकर लुभाने की कोशिश की। उन्होंने कहा था कि चार विधायकों से संपर्क किया गया था और इस दावे के समर्थन में सबूत भी मौजूद हैं।


Tags:

Follow us

This question is not available..!