कानपुर (04 मई 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार शाम को कानपुर और अकबरपुर संसदीय क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो की शुरुआत करने से पहले यहां गुमटी गुरुद्वारा में पहुंचकर मत्था टेका। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मौजूद रहे। पीएम मोदी के पहुंचने से पहले ही सीएम योगी आदित्यनाथ गुमटी गुरुद्वारे में पहुंचे चुके थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामादेवी चौराहे, हरजेंदर नगर पर कार से बाहर आकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए सड़क के दोनों किनारे बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और उनकी अगुवानी में नारे लगा रहे थे। उन्होंने कानपुर में खुले वाहन पर सवार होकर तथा हाथ में भाजपा का चुनाव चिन्ह लेकर रोड शो शुरू किया । मोदी के साथ वाहन पर उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कानपुर के उम्मीदवार रमेश अवस्थी और अकबरपुर के उम्मीदवार देवेंद्र सिंह भोले सवार हैं। कुर्ता और सदरी पहने तथा दोनों तरफ कमल निशान वाले भगवा रंग का गमछा लगाए मोदी और उनके साथ योगी समेत वाहन पर सवार भाजपा नेता भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन करते और आम जन का जवाब देते देखे गये। लोग कमल निशान वाले कटआउट लहराकर भी मोदी का स्वागत कर रहे थे। इस बीच कमल निशान चाले टार्च की रोशनी जलाकर भी मोदी का स्वागत कर रहे और काफिला फजलगंज की ओर आगे बढ़ रहा है।