बुखारेस्ट (06 अक्टूबर 26)। काला सागर में एक वाणिज्यिक पोत में आग लगने के बाद उसके डूबने के चलते दो लोगों की मौत हो गई। पोत के चालक दल के 11 सदस्यों को बचा लिया गया है। रोमानिया के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
रोमानिया के गृह मंत्रालय ने बताया कि तटरक्षक बल को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11 बजे घटना की सूचना मिली। पोत रोमानिया के विशेष आर्थिक क्षेत्र में तुलचा काउंटी के सफांटु घेयोर्घे से करीब 55 किलोमीटर दक्षिण में था। रोमानिया के समाचार चैनलों की खबर के मुताबिक, यह तुर्किये का पोत था और अनाज ले जा रहा था। काला सागर में एक तेल परियोजना के दक्षिण-पूर्व में ड्रोन की चपेट में आने के बाद पोत में आग लगी। हालांकि, अधिकारियों ने इन खबरों की पुष्टि नहीं की। मंत्रालय ने कहा, 'चालक दल के 11 सदस्यों को बचा लिया गया है। दो लोगों के मारे जाने का भी पता चला है।'