लखनऊ (18 जून 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दो दिवसीय दौरे पर आएंगे। वह मेहदीगंज में जनसभा और किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे और किसानों को एक बड़ी सौगात देंगे। साथ ही पीएम मोदी जीत के लिए जनता का आभार जताएंगे। पीएम मोदी के दौरे से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट डाल कर पीएम मोदी का स्वागत-अभिनंदन किया है। उन्होंने कहा कि 'प्रिय सांसद मोदी जी के अभिनंदन हेतु उत्साहित है।'
सीएम योगी ने एक्स पर लिखा कि 'अन्नदाता किसानों की समृद्धि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी शृंखला में प्रधानमंत्री जी आज देवाधिदेव महादेव की पावन नगरी वाराणसी से 'पीएम किसान सम्मान निधि' की 17वीं किस्त जारी करेंगे, साथ ही स्वयं सहायता समूह की 30,000 से अधिक कृषि सखियों को प्रमाण-पत्र का वितरण और किसान भाइयों से संवाद भी करेंगे। काशी की जनता अपने प्रिय सांसद मोदी जी के अभिनंदन हेतु उत्साहित है। तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने के पश्चात 'अपनी काशी' में प्रथम आगमन पर प्रधानमंत्री जी का हार्दिक स्वागत-अभिनंदन!'
पीएम मोदी वाराणसी में अपने दो दिवसीय दौरे पर आ रहे है। वह दोपहर साढ़े तीन बजे काशी पहुंचेंगे। बाबतपुर एयरपोर्ट पर विमान से उतरने के बाद हेलीकॉप्टर से मेहंदीगंज जाएंगे। पीएम मोदी सबसे पहले राजा तालाब के मेहंदीगंज में किसानों के साथ संवाद करेंगे और लगभग 50,000 किसानों को संबोधित करेंगे।