नईदिल्ली (28 मई 24)। कांग्रेस ने मंगलवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से बीमा कंपनियों ने 40,000 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है, जबकि किसान बीमा की राशि का भुगतान नहीं होने की समस्या से जूझ रहे हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस बीमा राशि के लिए दावा करने के 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित करेगी।
रमेश ने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘वर्ष 2016 में निवर्तमान प्रधानमंत्री ने फसल बीमा योजना लागू की। इसका क्या नतीजा निकला? बीमा कंपनियों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से 40,000 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। वहीं किसान बीमा राशि का भुगतान नहीं होने की समस्या से जूझ रहे हैं।' उन्होंने पार्टी की गारंटी का उल्लेख करते हुए कहा, ‘कांग्रेस की ‘किसान न्याय' गारंटी में यह भी शामिल है कि दावा करने के 30 दिनों के भीतर बीमा राशि का सीधे खाते में भुगतान सुनिश्चित करना है। साथ-साथ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में पूरी तरह से बदलाव करके इसे किसानों के हित में बनाना है।'