Monday, 28 Sep 2026

किसी दल में शामिल नहीं हो रहा हूं: लवली

नईदिल्ली (28 अप्रैल 24)। कांग्रेस नेता अरविंदर सिंह लवली ने रविवार को कहा कि उन्होंने केवल पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख पद से इस्तीफा दिया है और किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रहे हैं। लवली ने यह स्पष्टीकरण तब दिया, जब कांग्रेस के पूर्व विधायक आसिफ मोहम्मद खान ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्वी दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से हर्ष मल्होत्रा ​​की जगह लवली को मैदान में उतारेगी। लवली ने अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘मैंने केवल दिल्ली कांग्रेस प्रमुख के पद से इस्तीफा दिया है और मैं किसी भी राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रहा हूं।'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे अपने इस्तीफे में लवली ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली से पार्टी के उम्मीदवार कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिम दिल्ली के उम्मीदवार उदित राज की आलोचना की और कहा कि वे प्रदेश कांग्रेस और (दिल्ली में) पार्टी की नीतियों से पूरी तरह से अनजान हैं। उन्होंने कहा, ‘कुछ लोग गलत सूचना फैला रहे हैं कि मैं टिकट (वितरण) से नाराज हूं। ऐसा कुछ नहीं है। आप सभी जानते हैं कि मैंने तीन दिन पहले प्रेस वार्ता कर प्रत्याशियों का परिचय दिया था।'

उन्होंने कहा कि उनका इस्तीफा इस बात से दुखी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दर्द को जाहिर करता है कि ‘पिछले सात-आठ वर्ष के दौरान वे जिन आदर्शों के लिए लड़ रहे थे' उनसे समझौता किया जा रहा है। लवली ने लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के साथ पार्टी के गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा, ‘हम साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कभी नहीं कहा कि हम उन्हें ‘क्लीन चिट' दे रहे हैं या स्कूल और अस्पताल बनाने का श्रेय दे रहे हैं, जो वास्तविकता से कोसों दूर है।' लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को झटका देते हुए लवली ने ‘आप' के साथ गठबंधन को एक कारण बताते हुए पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!