ऊना (16 सितंबर 24)। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंंत्री अनुराग ठाकुर ने अरविंद केजरीवाल के सीएम पद से इस्तीफे के ऐलान पर कहा कि कुछ लोगों की नैतिकता ही खत्म हो गई थी। ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती व पूर्व मंत्री वीरेन्द्र कंवर की मौजूदगी में मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को धरना प्रदर्शन भी करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने टिप्पणी की कि वह न तो सचिवालय, न ऑफिस जा सकते हैं, न साइन कर सकते हैं तो ऐसे में वह सीएम किस काम के थे। दिल्ली की जनता को ठगने और लूटने का काम किया गया। शराब घोटाले में जेल यात्रा करने के बाद लौटने पर प्रदर्शन ऐसे कर रहे थे जैसे न जाने कौन-सा युद्ध जीतकर आए हों। न तो वह दोषमुक्त हुए हैं और न ही कोई उपलब्धि हासिल की है। आखिर जश्न किस बात का था। उन्हें आज नहीं तो कल वापस जेल जाना ही पड़ेगा।
देश का अपमान करते हैं राहुल- राहुल गांधी के अमरीका दौरे पर पूछे गए सवाल पर अनुराग ने कहा कि राहुल का विदेश दौरा भारत को अपमानित करने का होता है। देश की बढ़ती हुई छवि को गिराने का होता है। एक के बाद एक झूठ बोलने का वह रिकाॅर्ड स्थापित करते हैं। नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद लगा था कि वह अपना दायित्व बखूबी निभाएंगे। कांग्रेस 100 सीट भी पूरी नहीं जीत पाई। इसका गुस्सा वह देश को अपमानित करने के रूप में उतार रहे हैं। वह राजनीतिक विरोध करते-करते राष्ट्र विरोध करने पर उतर आए हैं। जिस पार्टी ने 60 वर्ष देश पर राज किया हो वह विदेशी धरती पर जाकर अपने देश को अपमानित करने का काम करें यह सही नहीं है। लोग पूछ रहे हैं कि राहुल भारत के हैं या पाकिस्तान के? हिंदू संगठनों के हिमाचल में विरोध के सवाल पर अनुराग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा हिंदुओं का अपमान किया है। इसी के चलते विभिन्न संगठनों को सड़कों पर उतरना पड़ा। उन्होंने कहा कि हिंदुओं पर पानी की बौछारें करके उन्हें प्रदेश में अपमानित किया गया जो कतई तर्कसंगत नहीं है। कांग्रेस पार्टी हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति ही करती है।