Monday, 28 Sep 2026

कुंभ में लगे ट्रैफिक जाम पर अखिलेश ने सरकार को घेरा

प्रयागराज (10 फरवरी 25)। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कुंभ मेले में लगे ट्रैफिक जाम को लेकर सरकार की नाकामी पर सवाल उठाए हैं। अखिलेश ने कहा कि सरकार को इस तरह की स्थितियों को रोकने के लिए पूरी व्यवस्था करनी चाहिए थी, ताकि जनता को परेशानी न होती। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि 100 करोड़ लोग कुंभ मेले में आएंगे, लेकिन स्थिति यह है कि लोग गाड़ियों और बसों में फंसे हुए हैं और जाम में खड़े हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार ने जो व्यवस्थाएं बनानी चाहिए थीं, उन्हें पूरी तरह से बिगाड़ दिया है।

अखिलेश ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं हर जिम्मेदारी लेना चाहते हैं। वह खुद इंजीनियर, पुलिस अफसर, डॉक्टर और ट्रैफिक ऑफिसर बन जाते हैं। जब जिम्मेदार अधिकारियों को काम करने का मौका नहीं मिलेगा, तो यही स्थितियां होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री को इस मामले में अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। अखिलेश ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में अधिकारियों की कमी नहीं है। यहां IAS और IPS अफसरों की कोई कमी नहीं है, लेकिन फिर भी प्रशासन ठीक से काम क्यों नहीं कर रहा है? उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि अगर किसी मस्जिद को गिराना हो या विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करनी हो, तो पुलिस फोर्स हमेशा तैयार रहता है। अगर यही व्यवस्था कुंभ मेले में दिखाई जाती, तो जो लोग वहां आए होते, उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलतीं। उन्होंने कहा कि अब तक जो लोग रास्ते में मरे हैं या जिनकी कोई सूची जारी नहीं की गई, वह सरकार की असफलता को दर्शाता है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!