Thursday, 01 Oct 2026

कुवैत जाएंगे मोदी, 43 सालों बाद किसी भारतीय पीएम की यात्रा

नईदिल्ली (19 दिसंबर 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को कुवैत की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे और किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह 43 वर्षों में इस खाड़ी देश की पहली यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा की घोषणा करते हुए कहा कि यह यात्रा भारत और कुवैत के बीच ‘बहुआयामी' संबंधों को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी। मोदी, कुवैत के अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल-सबाह के निमंत्रण पर यह यात्रा कर रहे हैं। यात्रा के दौरान मोदी कुवैत के नेताओं के साथ चर्चा करेंगे और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के साथ भी बातचीत करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘भारत और कुवैत के बीच ऐतिहासिक समय से पारंपरिक रूप से घनिष्ठ तथा मैत्रीपूर्ण संबंध हैं।'' इससे पहले, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 1981 में कुवैत का दौरा किया था। भारत, कुवैत के शीर्ष व्यापारिक साझेदारों में से एक है और भारतीय समुदाय कुवैत में सबसे बड़ा प्रवासी समुदाय है। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘यह यात्रा भारत और कुवैत के बीच बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।''

कुवैत, भारत के शीर्ष व्यापारिक साझेदारों में से एक है, जिसका द्विपक्षीय व्यापार वित्तीय वर्ष 2023-24 में 10.47 अरब अमरीकी डॉलर रहा। कुवैत, भारत का छठा सबसे बड़ा कच्चा तेल आपूर्तिकर्ता है, जो देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को तीन प्रतिशत तक पूरा करता है। अमीर शेख सबाह अल अहमद अल जाबर अल सबाह जुलाई 2017 में निजी यात्रा पर भारत आए थे। इससे पहले 2013 में कुवैत के प्रधानमंत्री ने भारत की उच्च स्तरीय यात्रा की थी। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!