Thursday, 01 Oct 2026

केंद्रीय मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री ने किया महाकाल का अभिषेक

उज्जैन (24 दिसंबर 25)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मंगलवार को प्रात:काल महाकाल मंदिर पहुंचकर महाकाल का पंचामृत अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। महाकाल की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की जनता की सुख समृद्धि की कामना की। महाकाल मंदिर समिति की ओर से नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. यादव और अन्य अतिथियों का शॉल, श्रीफल, प्रसाद भेंट कर स्वागत अभिनंदन किया गया। बाबा महाकाल के दर्शन के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाकाल अन्न क्षेत्र में भक्तजनों को प्रसाद वितरण कर स्वयं भी प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के प्रभारी महेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

इसके पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने उज्जैन प्रवास के दौरान देर रात्रि बाबा महाकाल की संध्या आरती में सम्मिलित होकर महाराज वाडा में बनाई गई हेरिटेज होटल में रात्रि विश्राम किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्राट विक्रामादित्य हेरिटेज़ होटल का अवलोकन कराया और बताया कि यह पहले स्कूल था, जिसको पर्यटन विभाग के द्वारा जीर्णोद्धार और नवीनीकरण करते हुए एक भव्य हेरिटेज होटल का रूप में परिवर्तित किया गया है। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को हेरिटेज का आनंद भी उज्जैन जैसी पवित्र नगरी में मिल सकेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा को महाराज वाड़ा सम्राट विक्रमादित्‍य होटल के रूफ टॉप पर ले जाकर बाबा महाकाल के शिखर दर्शन भी करवाए। केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में बेहतर काम हो रहे हैं। औद्योगीकरण की नई बयार बह रही है, अब हेरिटेज वॉक के साथ ही उन्नति और पुरातन दोनों का भाव रूप से दर्शन आप उज्जैन आकर देख सकते हैं। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!