नईदिल्ली (13 जुलाई 24)। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शनिवार को हरियाणा के नारनौल में ‘स्काइडाइविंग' में हिस्सा लिया और आकाश में उड़ते विमान से छलांग लगाई। उन्होंने कहा कि वह हवाई खेल (एयरो-स्पोर्ट्स) पर्यटन क्षेत्र में भारत का ‘उज्ज्वल भविष्य' देख रहे हैं। विश्व स्काइडाइविंग दिवस के अवसर पर मंत्री ने एक विमान को भी हरी झंडी दिखाई। इस विमान का इस्तेमाल स्काइडाइविंग के लिए किया जाएगा। यह देश में इस तरह का पहला विमान है। आकाश में रोमांच का अनुभव करने के लिए शेखावत सुबह-सुबह नारनौल हवाई पट्टी पर पहुंचे। इस मौके पर उनके साथ उनकी दोनों बेटियां भी मौजूद थीं। ‘टेंडेम स्काइडाइविंग' के तुरंत बाद केंद्रीय मंत्री ने मीडियाकर्मियों के साथ अपना अनुभव साझा किया। ‘टेंडेम स्काइडाइविंग' में एक पेशेवर स्काइडाइवर पूरी कवायद के दौरान इसमें भाग लेने वाले व्यक्ति के साथ रहता है।