Thursday, 01 Oct 2026

केंद्र सरकार ने किसानों के प्रति कोई अपनापन नहीं दिखाया: प्रियंका

वायनाड (30 अक्टूबर 24)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह केरल के वायनाड में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के लिए धनराशि उपलब्ध नहीं कराकर पुनर्वास कार्यों की उपेक्षा कर रही है। प्रियंका गांधी वायनाड लोकसभा सीट से उपचुनाव में कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। उन्होंने 13 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार का रुख लोगों और राष्ट्र का सम्मान नहीं करने के उनके भाव को दर्शाता है और यह बात उसके पिछले 10 वर्ष के शासन के दौरान बनाई गई नीतियों से भी स्पष्ट है। 

कांग्रेस नेता ने यहां ईंगापुझा में एक नुक्कड़ सभा में कहा कि मोदी सरकार की नीतियां हमेशा प्रधानमंत्री के पांच-छह कारोबारी मित्रों के सहयोग के लिए बनाई जाती हैं और जनता को इनसे लाभ नहीं होता। उन्होंने वायनाड में हुए भूस्खलन का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जिले में आए, प्रभावित स्थानों का दौरा किया, लोगों से मिले और उन्हें हर तरह की मदद का वादा किया, लेकिन केंद्र सरकार ने इसके महीनों बाद भी प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए कोई धनराशि उपलब्ध नहीं कराई। प्रियंका गांधी ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने किसानों के प्रति कोई अपनापन नहीं दिखाया, देश भर में आदिवासी समुदायों के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया और जनता की जरूरतों को पूरा करने के बजाय बड़े कॉरपोरेट समूहों को भूमि आवंटित कर रही है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि मोदी सरकार द्वारा रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और अन्य आवश्यक क्षेत्रों की उपेक्षा की गई है। प्रियंका गांधी ने दावा किया कि मोदी सरकार ने भारत के लोगों के प्रति पूरी तरह अनादर दिखाया है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!