नईदिल्ली (11 अप्रैल 25)। मुंबई आतंकवादी हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को लेकर एक विशेष विमान गुरुवार को दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर उतरा। मेडिकल जांच के बाद, एनआईए की टीम ने उसे कड़ी सुरक्षा के बीच पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। कोर्ट में पेशी के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। राणा की ओर से वकील पीयूष सचदेवा ने उसका प्रतिनिधित्व किया, जबकि एनआईए के सरकारी वकील ने उसकी कस्टडी की मांग की।
एनआईए ने विशेष अदालत से 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मुख्य साजिशकर्ता तहव्वुर हुसैन राणा की 20 दिन की कस्टडी की मांग की है। इसके बाद अदालत ने 18 दिन की रिमांड की मंजूरी दे दी है। दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने हाल ही में मुंबई हमलों से संबंधित अपने ट्रायल कोर्ट के रिकॉर्ड को तलब किया है, जिससे राणा के अभियोजन की प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राणा के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दिए जाने के बाद, उसे भारत लाने की प्रक्रिया पूरी की गई है। राणा पर आरोप है कि उसने 26/11 के मुंबई हमलों की साजिश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उसके प्रत्यर्पण और आगामी कानूनी प्रक्रियाओं से मुंबई हमलों के पीड़ितों को न्याय मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।