रायबरेली (20 मई 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर रविवार को निशाना साधते हुए कहा कि ‘शहजादे द्वारा माओवादियों की भाषा बोलने' के कारण कोई भी उद्योगपति कांग्रेस शासित राज्यों में निवेश करने से पहले 50 बार सोचेगा। मोदी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर वंशवादी राजनीति को संरक्षण देने और लोकसभा सीट को ‘खानदानी जयदाद' मानने का भी आरोप लगाया।
पीएम मोदी ने रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के फैसले को लेकर गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के ‘शहजादे' यह कहते हुए इस निर्वाचन क्षेत्र में पहुंचे हैं कि ‘यह मेरी मां की सीट है, जो स्कूल जाने वाला आठ साल का लड़का भी नहीं कहेगा।' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘उनकी मां (सोनिया गांधी) ने कहा कि वह अपने बेटे को रायबरेली को सौंप रही हैं...उन्हें पार्टी का एक भी समर्पित कार्यकर्ता नहीं मिला...रायबरेली के मतदाता उनसे पूछते हैं कि वे कहां थे जब लोग कोविड महामारी के दौरान मुसीबत में थे।' उन्होंने आरोप लगाया, ‘कांग्रेस एक वसीयतनामा लिख रही है; वे संसद सीट को खानदानी जयदाद मानते हैं।' विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' पर हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो को देश के विकास से कोई लेना-देना नहीं है, क्योंकि वे भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबे हुए हैं।