भोपाल (08 नवंबर 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप-2025 जीतकर पूरी दुनिया में भारत का परचम लहराया है। छतरपुर जिले के घुवारा की तेज गेंदबाज क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने देश-दुनिया में मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। कठिन परिस्थितियों, संसाधनों की कमी और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद परिश्रम और दृढ़ संकल्प के आधार पर क्रांति ने यह मुकाम हासिल किया। क्रिकेटर क्रांति गौड़ केवल प्रदेश ही नहीं, पूरे देश की बेटियों के लिए प्रेरणा है।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जबलपुर में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में क्रिकेटर क्रांति गौड़ का सम्मान किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए छतरपुर में नया क्रिकेट स्टेडियम बनाए जाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि क्रिकेटर क्रांति गौड़ के पिता की बहाली के लिए अपील करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्ल्ड कप 2025 की विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रदेश की प्रतिभावान खिलाड़ी और तेज गेंदबाज क्रिकेटर क्रांति गौड़ के मुख्यमंत्री निवास में आयोजित अभिनंदन समारोह में यह विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रिकेटर क्रांति गौड़ के आगमन पर पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रिकेटर क्रांति के माता-पिता श्री मुन्ना सिंह गौड़ तथा श्रीमती नीलम सिंह गौड़ और कोच श्री राजीव बिरथरे को अंगवस्त्रम और पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका अभिवादन किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भी भेंट किए। अभिनंदन समारोह में मध्यप्रदेश खेल अकादमी की बालिकाओं ने क्रिकेटर क्रांति गौड़ से संवाद किया। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, विधायक भगवानदास सबनानी तथा बड़ी संख्या में खेल अकादमी की बालिकाएं उपस्थित थीं।