लखनऊ (02 जून 25)। भारतीय क्रिकेट टीम के मशहूर खिलाड़ी रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज अब जल्दी ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की सगाई 8 जून को लखनऊ में होगी, जबकि 18 नवंबर को वाराणसी के होटल ताज में उनकी शादी होगी। इस खुशखबरी के बाद क्रिकेट और राजनीति दोनों ही जगत से बधाइयों का सिलसिला जारी है। शादी में क्रिकेट के बड़े खिलाड़ी, राजनेता, फिल्मी सितारे और उद्योग जगत की बड़ी हस्तियां भी शामिल होंगी।
प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज, जो समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद हैं ने बताया कि उनकी बेटी की एक दोस्त के पिता क्रिकेटर हैं। उन्हीं के जरिए प्रिया और रिंकू की पहली मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और अब वे शादी करने जा रहे हैं। दोनों परिवारों ने इस साल जनवरी में ही रिश्ता पक्का कर लिया था। रिंकू और प्रिया दोनों एक-दूसरे को पसंद करते हैं और परिवारों की सहमति से यह रिश्ता तय किया गया। परिवार वालों ने बताया कि अलीगढ़ में पहली बार दोनों परिवारों की औपचारिक मुलाकात हुई थी, जहां तय हुआ कि आईपीएल के बाद शादी की तारीख तय की जाएगी। प्रिया सरोज, 26 साल की हैं और उत्तर प्रदेश के मछलीशहर से सांसद हैं। उनके पिता तूफानी सरोज भी इसी सीट से 3 बार सांसद रह चुके हैं। वहीं रिंकू सिंह, भारतीय क्रिकेट टीम के तेजी से उभरते सितारे हैं। खासकर टी-20 फॉर्मेट में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन कर फैंस का दिल जीता है।