इंदौर (08 जुलाई 24)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने इंदौर स्थित बीएसएफ रेंज क्षेत्र में वृह्द पौध-रोपण कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए अपनी माताजी की स्मृति में पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने अपनी माताजी स्व. लीलाबाई पूनमचंद यादव की स्मृति में बरगद का पौधा लगाया। केन्द्रीय मंत्री यादव ने अपनी माताजी स्व. संतरा यादव, प्रदेश के नगरीय निकाय एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपनी माताजी स्व.अयोध्या देवी विजयवर्गीय की स्मृति में आम का वृक्ष लगाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा आदिकाल से इंदौर और उज्जैन का पर्यावरण के महत्व में विशेष संबंध रहा है। मां क्षिप्रा सहित 7 नदियों के उद्गम का स्थल इन्दौर है। देश एवं दुनिया में इंदौर की विशेष पहचान है। क्लीन सिटी के साथ अब ग्रीन सिटी में भी इंदौर अवश्य नंबर वन बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर में वृहद पौध-रोपण के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि एक मां ने हमें जन्म दिया तथा एक धरती मां हमें जीवन जीने के साधन प्रदान करती है। जीवन देने वाली 'मां' को नमन करने और प्रकृति मां के प्रति सम्मान के प्रति हरी भरी धरती देने के संकल्प को पूरा करना हमारा कर्तव्य है। धरती केवल इंसान के लिए नहीं समस्त जीव मात्र के लिए है, इसलिए देश में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत प्रत्येक देशवासी से पौध-रोपण का आह्वान किया गया है। वृक्षारोपण की पहल में म.प्र. का प्रयास सराहनीय है। इंदौरवासियों का क्लीन इंदौर के साथ ग्रीन इंदौर बनाने का अभियान प्रशंसनीय है। केन्द्रीय मंत्री ' यादव एवं मुख्यमंत्री डॉ.यादव का सम्मान पगड़ी, अंगवस्त्र के साथ स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
नगरीय निकाय एवं आवास मंत्री ' कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर के ग्रीन कवरेज को बढ़ाया जाएगा। इसके लिए 51 लाख पौधों का रोपण कर इनके संरक्षण के लिए भी विशेष प्रयास किये जाएंगे। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं द्वारा पौध-रोपण करते हुए उनके संरक्षण की जिम्मेदारी ली जा रही है। इंदौर में जनभागीदारी से अभियान को प्रभावी तरीके से क्रियान्वित किया जा रहा है। इन्दौर को ग्रीन कवरेज में नंबर-1 बनाएंगे। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, विधायक गोलू शुक्ला, मधु वर्मा, रमेश मेंदोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना मालवीय, गौरव रणदीवे, चिन्टू वर्मा सहित जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं, पर्यावरण प्रेमी और नागरिक उपस्थित रहे।