करनाल (05 अक्टूबर 24)। आज हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के लिए प्रदेश की सभी 90 सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। मतदान की प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू हुई और शाम छह बजे तक चलेगी। पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने करनाल जिले के प्रेम नगर स्थित एक सरकारी स्कूल में वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने दावा किया कि भाजपा फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने कांग्रेस पर भी तीखा हमला किया। मनोहर लाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा- हम करनाल लोकसभा की सभी 9 विधानसभा सीटें भाजपा के नाम कर रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने दोनों नेताओं के लिए एक खुला प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि वे किसी भी समय भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि भाजपा की ओर से सभी को खुला प्रस्ताव है कि कोई भी जब चाहे भाजपा में शामिल हो सकता है। उन्होंने इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर सकारात्मक उम्मीद जताई और दावा किया कि पार्टी 2014 से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी और 50 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखती है।