नईदिल्ली (04 जुलाई 24)। दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा अशांति फैलाये जाने संबंधी खुफिया सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिसकर्मियों के साथ अर्धसैनिक बलों की एक प्लाटून को भी गांधी के आवास के निकट तैनात किया गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ गांधी की टिप्पणी को लेकर सोमवार को लोकसभा में हंगामा हुआ था। सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि दक्षिणपंथी संगठनों के सदस्य अशांति फैला सकते हैं जिसके बाद मध्य दिल्ली में कांग्रेस नेता के आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। पुलिस को संदेह है कि लोग तख्तियां या होर्डिंग लेकर उनके घर के बाहर इकट्ठा हो सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि स्थानीय पुलिस को 24 घंटे गांधी के आवास के आसपास निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। गांधी को जेड प्लस की सुरक्षा प्राप्त है।